Pankaj Srivastav:
Kuwait Fire Accident: कुवैत के मंगाफ में अग्निकांड में 49 मरने वालो में 45 भारतीय थे। जिसमें तीन उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे। यूपी के जिन तीन लोगों की मृत्यु हुई है, उनमें गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के जयराम गुप्ता और गोरखनाथ क्षेत्र के जतेपुर निवासी अंगद गुप्ता भी शामिल है, जबकि एक गाजीपुर का रहने वाला है। गुलरिहा के भभौर गांव के गडहिया टोला निवासी जयराम करीब नौ साल पहले रोजी रोटी की तलाश में कुवेत गए थे।
वहां वे एक बैंक में कैशियर थे। 2023 में वो लगभग ढाई महीने की छुट्टी पर घर आए और दिसंबर में फिर वह कुवेत चले गए। गांव के ही लोगों के मुताबिक जयराम दो बच्चों के पिता हैं। बड़ा बेटा 14 वर्ष का है जबकि पांच साल की बेटी श्रेया है। वहीं जतेपुर उत्तरी निवासी अंगद गुप्ता आठ वर्ष पहले कुवेत गए थे। अंगद गुप्ता की मौत की खबर से उनके परिवार में कोहराम मच गया है। अंगद के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बच्चे हैं। अंगद ने मौत से चंद घंटे पहले ही परिवार वालो से बात की और बेटी अंशिका को एसएससी परीक्षा में कड़ी मेहनत करने की नसीहत दी साथ ही मकान को दो मंजिला बनाए जाने की बात भी पत्नी से हुई थी।



