Krishna Gupta
भारत-नेपाल सीमा पर होली और रमजान के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है. इसी क्रम में आज सोनौली बॉर्डर और नौतनवा कस्बा सहित सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस सायरनों की गूंज सुनाई दी. नौतनवा के पुलिस क्षेत्राधिकारी जयप्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने नगर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पैदल गस्त कर फ्लैग मार्च किया.

नौतनवा और सोनौली में पुलिस ने किया फ्लैग मार्च
नौतनवा कस्बे में पैदल मार्च करते हुए क्षेत्राधिकारी जयप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है. उन्होंने नागरिकों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की और चेतावनी दी कि अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस की निगाह हर गतिविधि पर बनी हुई है और बाजारों में लगातार गश्त की जा रही है. प्रशासन ने जनता से भाईचारे और सौहार्दपूर्ण माहौल में होली मनाने की अपील की है. साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया है.

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का एहसास कराया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी साझा करने का संदेश दिया. होली के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है.



