फिल्मी जगत की चर्चित अभिनेत्री कंगना रनौत अपनी डायरेक्टोरियल फिल्म ‘इमरजेंसी’ पर लगे बैन को लेकर सुर्खियों में हैं। इसी बीच, उन्होंने मंगलवार को अपनी नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की घोषणा की है, जो वर्किंग क्लास हीरोज की अनसुनी कहानियों को पर्दे पर उतारेगी।
‘भारत भाग्य विधाता’ के निर्देशन की बागडोर लिरिसिस्ट और स्क्रीन राइटर मनोज तापाड़िया संभालेंगे, जिन्होंने ‘चीनी कम’, ‘माई’, ‘मद्रास कैफे’ और ‘NH10’ जैसी चर्चित फिल्मों पर काम किया है। इस फिल्म को यूनोइया फिल्म्स की बबीता आशिवाल और फ्लोटिंग रॉक्स एंटरटेनमेंट के आदि शर्मा प्रोड्यूस करेंगे, जबकि कंगना मुख्य भूमिका में नजर आएंगी।
कंगना ने इस फिल्म की घोषणा सोशल मीडिया पर की, जिसमें उन्होंने लिखा, “परदे पर रियल-लाइफ हीरोइज्म का मैजिक देखने के लिए तैयार हो जाइए।” इस पोस्ट के साथ ही उन्होंने दर्शकों को नई फिल्म के लिए उत्साहित किया।
हालांकि, ‘इमरजेंसी’ पर लगे बैन और इसके विवादित सीन हटाने के आदेश के बीच कंगना की इस नई फिल्म की घोषणा ने इंटरनेट पर यूजर्स को ट्रोलिंग का मौका दे दिया। कुछ यूजर्स ने इस फिल्म को रिलीज से पहले ही फ्लॉप करार दिया, तो कुछ ने कंगना की फिल्मों की सफलता पर सवाल उठाए।
बता दें कि ‘इमरजेंसी’, जिसमें कंगना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभा रही हैं, 6 सितंबर को रिलीज होने वाली थी। मगर सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने इसे क्लीयरेंस नहीं दी, और विवादित सीन हटाने के आदेश दिए। फिल्म पर लगे प्रतिबंध और इसे लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के कारण इसकी रिलीज को टाल दिया गया है।
कंगना ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि वह ‘इमरजेंसी’ के लिए कोर्ट में लड़ेंगी और इसे बिना किसी कटौती के रिलीज करेंगी, क्योंकि वह तथ्यों से छेड़छाड़ नहीं करना चाहतीं।



